चंबा। जिला चंबा में अतिकुपोषित बच्चों की संख्या में उछाल आया है। सितंबर में करवाए गए महिला एवं बाल विकास विभाग के सर्वे में यह आंकड़ा 109 तक पहुंच गया है। पहले यह संख्या 98 थी।
11 नए बच्चे अतिकुपोषित बच्चों की सूची में शामिल हुए हैं। विभाग अब इन बच्चों की व्यापक निगरानी करेगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिये डबल डाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।
सितंबर में पोषण माह मनाया गया था। इस दौरान पूरा महीना लोगों को पोषित आहार के बारे में जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के स्टाफ के जरिये सर्वे भी करवाया गया। अगस्त में जिले में अति कुपोषित बच्चों की संख्या 98 थी। यह बढ़कर अब 109 तक पहुंच गई है। विभाग ने सर्वे के बाद यह आंकड़ा जारी किया है। अल्प कुपोषित बच्चों की सूची में 467 नौनिहाल शामिल हैं।
कुपोषण को खत्म करने के लिए सरकार की ओर से व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग भी प्रशासन के निर्देशानुसार कार्य कर रहा है। सर्वे के जरिये कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की संख्या पता लगाई जा रही है। बच्चों की सूची में शुमार बच्चों के अभिभावकों को विभाग की ओर से जरूरी एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत अभिभावक बच्चों को पोषित आहार दें, जिससे वे तुदुरुस्त हो सकें। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश चौधरी ने उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान 109 नौनिहाल अतिकुपोषित बच्चों की सूची में हैं। यह आंकड़ा पहले 98 था। कहा कि बच्चों की व्यापक निगरानी की जाएगी।