ई-टिकटिंग मशीन से हर दिन हो रहा दो हजार रुपये का भुगतान
चंबा डिपो में एक माह में बने 200 नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये का कैशलेस भुगतान करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। चंबा डिपो में हर दिन कैशलेस माध्यम से दो हजार रुपये का भुगतान हो रहा हैं। जिले के 190 रूटों पर कैशलेस के माध्यम से ही लोग किराये का भुगतान कर रहे हैं। इससे परिचालकों को खुले पैसे देने से छुटकारा मिला है। जिन यात्रियों के पास स्मार्ट मोबाइल या फिर कार्ड उपलब्ध नहीं है, वह ऑफलाइन किराये का भुगतान कर रहे हैं। इतना ही नहीं, चंबा डिपो में एक माह में लगभग 200 नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) बने हैं। कई यात्री नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड बनाने के लिए जागरूक नहीं हैं। जबकि, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड से किराया चुकाना बिल्कुल आसान है। बिना सिग्नल के किराए का भुगतान हो सकता है। इसके लिए निगम की ओर से सलूणी और भंजराड़ू में एनसीएमसी कार्ड बनाने के लिए शिविर भी लगाए गए हैं। निगम के बुकिंग काउंटरों पर भी यह कार्ड उपलब्ध है। गौरतलब है कि निगम प्रबंधन की ओर से वर्ष 2024 में सरकारी बसों में किराये के भुगतान के लिए कैशलेस सुविधा शुरू की थी। इसके लिए ई-टिकटिंग मशीनों की मदद से यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई। चंबा डिपो को लगभग 200 ई-टिकटिंग मशीनें दी गई हैं। शुरुआत में ई-टिकटिंग मशीनें काम नहीं कर रही थीं। लेकिन, कुछ ही माह में डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई से किराये के कैशलेस भुगतान करने वालों की संख्या अधिक हो गई है। एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि रोजाना 700 से अधिक यात्री कैशलेस और 150 यात्री एनसीएमसी कार्ड से किराये का भुगतान कर रहे हैं।