चंबा। शहर के समीप जुलाहकड़ी नाला में कूड़ा-कचरा फेंकने के मामले में उपायुक्त चंबा अपूर्व देवगन ने कड़ा संज्ञान लिया है।
उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। साथ ही नगर परिषद को भी लापरवाही ठेकेदारों को नोटिस जारी कर सख्त कदम उठाने के लिए निर्देश जारी किए हैं। कहा कि इस मामले में नगर परिषद लापरवाही न बरते। ठेकेदार को नोटिस जारी कर पूछे कि घरों से उठाकर नाले में कूड़ा क्यों फेंका गया। बीते दिनों जुलाहकड़ी नाला के समीप सफाई कर्मियों ने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर कूड़े से भरे करीब दस बोरे उतार दिए। फटाफट महिला सफाई कर्मियों ने इन बोरों में भरा कूड़ा-कचरा जुलाहकड़ी नाले में फेंक दिया। इस मामले का वीडियो भी खूब वायरल हुआ। इसमें सफाई कर्मचारी नाले में कूड़ा फेंकते हुए देखे गए। इस मामले को लेकर अब प्रशासन सख्त हो गया है। नगर परिषद और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
गौरतलब है कि नगर परिषद चंबा ने डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण अभियान चलाया है। घरों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए शुल्क भी निर्धारित किया गया है। नगर परिषद के ठेकेदारों की ओर से घरों से कूड़ा उठाकर यहां-वहां ठिकाने लगा दिया जा रहा है। इससे पहले भी जगह-जगह सफाई कर्मी नालियों में कूड़ा फेंकते पाए गए, मगर नगर परिषद की कार्रवाई काफी नरम रही। लोगों का कहना है कि ठेकेदार के निर्देशों के बाद ही सफाई कर्मचारी ऐसा कर रहे हैं। एक तरफ प्रशासन और नगर परिषद कूड़ा अलग-अलग देने का आह्वान कर रहे हैं, दूसरी ओर कचरे को संयंत्र तक पहुंचाने के बजाय नालों में ही ठिकाने लगाया जा रहा है।
उधर, उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि इस बारे में जानकारी मिली है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ठेकेदार दोबारा ऐसा न करे।