जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने की व्यवस्था, उपभोक्ताओं के पास सिलिंडर की कॉपी होना भी जरूरी
समय पर सिलिंडर उपलब्ध करवाने के लिए गैस एजेंसी प्रबंधन को दिए मांग पत्र जारी करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अब ढाबा, होटल और रेस्तरां मालिकों को व्यावसायिक सिलिंडर के लिए आधिकारिक प्रार्थना पत्र जमा करवाना होगा। ईरान-इस्राइल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध की स्थिति के बीच जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने यह कदम उठाया है जिससे व्यावसायिक गैस की आपूर्ति नियमित और नियंत्रित तरीके से हो।
यानी, अब व्यावसायिक सिलिंडर भी सिर्फ प्रक्रिया के दायरे में ही मिलेगा। इस बारे में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
व्यावसायिक सिलिंडर लेने के लिए एप्लीकेशन की अनिवार्यता कर दी है। उपभोक्ताओं के पास व्यावसायिक सिलिंडर की कॉपी भी होनी चाहिए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसी प्रबंधन को मांग पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से इस तरह की व्यवस्था करने का मकसद ढाबा संचालकों और होटल, रेस्तरां मालिकों को व्यावसायिक गैस समय पर उपलब्ध करवाना है।
वर्तमान समय में व्यावसायिक गैस की आपूर्ति को लेकर विभाग ने डिमांड मांगना शुरू कर दी है। इसके लिए होटल, ढाबा और रेस्तरां मालिकों को गैस एजेंसी में आकर एप्लीकेशन देनी होगी। इसके कुछ दिन बाद उन्हें व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध करवाया जाएगा। बहरहाल, घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग इन जगहों पर न हो, इसके लिए विभाग ने रणनीति तैयार की है। युद्ध के बीच घरेलू गैस को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 15 दिन बाद नया सिलिंडर दिया जा रहा है। विभाग ने आश्वस्त किया है कि घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति सही तरीके से हो रही है। व्यावसायिक सिलिंडरों की भी समय-समय पर मांग भेजी जा रही है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ने कहा कि व्यावसायिक उपभोक्ताओं को प्रार्थना पत्र देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रार्थना पत्र मिलने के बाद ही व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी।