सुबह छह से शाम छह बजे तक चलेगा मैहला घार की मरम्मत का काम
घार से गिरने वाले पत्थरों को व्यवस्थित करने के लिए होगा सीमेंट का स्प्रे
जिला दंडाधिकारी ने जनहित एवं लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रख दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मैहला घार का मरम्मत कार्य करने के लिए हर घंटे में 25 मिनट तक यातायात बाधित रहेगा। सुबह 6 से शाम 6 बजे तक घार पर कार्य किया जाएगा।
अब वाहन चालकों और राहगीरों को एक घंटे में 35 मिनट तक वहां से गुजरने की अनुमति होगी। बाकी समय घार (ल्हासा) से गिरने वाले पत्थरों को व्यवस्थित करने के लिए सीमेंट स्प्रे का कार्य होगा। इसके लिए शनिवार को जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च तक वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से नियंत्रित करने के आदेश जारी किए।
उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 31 मार्च तक प्रति घंटे 25 से 30 मिनट तक वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोककर यातायात नियंत्रित करने के आदेश जारी किए। आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं से संबंधित एंबुलेंस, अग्निशमन और पुलिस वाहनों के परिचालन के दौरान उन्हें बिना किसी विलंब के आवागमन की अनुमति रहेगी।
रोजाना गुजरते हैं छोटे-बड़े सैकड़ों वाहन
भरमौर-पठानकोट हाईवे से होकर रोजाना सैकड़ों सरकारी, निजी बसें, मालवाहक वाहनों समेत छोटे वाहनों की आवाजाही रहती है। भरमौर विधानसभा क्षेत्र और होली उपमंडल के दायरे में आने वाले लोग, ग्रामीण, किसान-बागवान हाईवे से होकर चंबा और बाहरी जिलों का रुख करते हैं।