चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल की गर्भवती महिलाओं समेत पेट दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए राहत की खबर है। तीसा सिविल अस्पताल में सरकार ने रेडियोग्राफर की तैनाती की गई है। साथ ही एक हफ्ते के भीतर अल्ट्रासाउंड मशीन को ठीक करवाने का दावा किया है।इससे मरीजों को 80 किलोमीटर का सफर तय कर चंबा की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
सिविल अस्पताल तीसा पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तीसा प्रथम, तीसा द्वितीय, नेरा, गडफरी, देहरा, खुशनगरी, बैरागढ़, देवीकोठी, टेपा, आयल, टिकरी, देहरोग, जसौरगढ़, दियोला, चांजू, चरड़ा समेत 52 पंचायतों की आबादी निर्भर हैं। 10 साल से रेडियोग्राफर का पद खाली होना क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की मुसीबतें बढ़ाने का काम कर रहा था। क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए सात हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। इससे गरीब परिवारों से संबंध रखने वाले लोगों की जेबों पर कैंची ही चल रही थी। अब चिकित्सक की तैनाती से उन्हें राहत मिली है।
चुराहवासी योग ठाकुर, राज शर्मा, पिंकू, शरीफ मोहम्मद, जमात अली, रमेश कुमार और किशन चंद आदि ने बताया कि क्षेत्र में लंबे अरसे बाद अब अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे लोगों की दिक्कतें हल होंगी।
उधर, सीएमओ चंबा डॉ. बिपिन ठाकुर ने बताया कि तीसा अस्पताल में रेडियोग्राफर ने ज्वाइन कर लिया है। एक सप्ताह के भीतर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करवाने की योजना के तहत कार्य करवाया जा रहा है।