चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा प्रशासन अब कॉलेज में नेतागिरी करने वाले छात्रों की अब वीकली अटेंडेंस की जांच करेगा। कॉलेज परिसर में बीते दिनों हुई खूनी झड़प के बाद यह फैसला लिया गया है। वीकली अटेंडेंस के जरिये कॉलेज प्रशासन यह पता लगाएगा कि ये छात्र नेता पढ़ाई के लिए कक्षाएं भी लगा रहे हैं या नेतागिरी में ही मस्त हैं। बहरहाल, कॉलेज प्रशासन की ओर से यह फैसला लेने का मकसद कॉलेज में मारपीट करने वाले कार्यकर्ताओं पर शिकंजा कसना है ताकि किसी भी तरह से पढ़ाई का माहौल खराब न हो और अन्य बच्चों को भी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार राजकीय महाविद्यालय चंबा में चार हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं। कॉलेज में अलग-अलग छात्र संगठन भी कार्यरत हैं। छात्र हित की बात करने वाले इन संगठनों में कई बार आपसी रंजिश बन जाती है और हाथापाई के मामले सामने आते हैं मगर इस बार कॉलेज परिसर में खूनी झड़प हुई है। इसमें छात्र नेता घायल भी हुए हैं। बहरहाल, कॉलेज प्रशासन अब इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। कॉलेज प्रशासन ने जहां अभिभावकों को भी पत्र भेजें है तो वहीं दूसरी तरफ कार्यकर्ताओं की वीकली अटेंडेंस की निगरानी करने की भी व्यवस्था बनाई है ताकि दोबारा से कॉलेज परिसर में खूनी झड़प या मारपीट का मामला सामने न आए।
चंबा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मदन गुलेरिया ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं की वीकली अटेंडेंस पर नजर रखी जाएगी। कॉलेज में मारपीट और खूनी झड़प होने से पढ़ाई का माहौल खराब होता है। भविष्य में इस तरह की घटना न हो, व्यापक व्यवस्था बनाई जा रही है।