पुखरी (चंबा)। ग्राम पंचायत पुखरी के गांव भमडौथा, पुखरी, टिकरी, भटका और धारुई समेत आसपास के गांवों में अब पेयजल की समस्या से ग्रामीणों को दो-चार नहीं होना पड़ेगा। जल शक्ति विभाग की गुणू नाला पेयजल योजना के तहत अब क्षेत्र में टैंकों का निर्माण करवाने के साथ लाइन बिछाकर पेयजल लोगाें के घरद्वार पहुंचा दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि वे पेयजल की समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग के आला अधिकारियों से भी मिले। इसके बाद विभाग की ओर से ग्रामीणों की ज्वलंत समस्या का समाधान करने के लिए गुणू नाला पेयजल योजना को धरातल पर उतारने का कार्य आरंभ किया गया। इसका नतीजा अब यह रहा है कि क्षेत्र में ग्रामीणों के घरद्वार पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करवा दी गई है।
ग्रामीण परमेश ठाकुर, जय देव ठाकुर, अजीत जरयाल, अमर नाथ मेहता, तिलक राज और निहाल सिंह ने बताया कि विभाग ने आवश्यकतानुसार घरों तक पेयजल लाइनें भी बिछाई। क्षेत्र में तीन पेयजल टैंक बनाए गए हैं। जहां तक पानी पहुंचाने का ट्रायल भी सफल रहा। उन्होंने जल शक्ति विभाग और उनके अधिकारियों का आभार जताया है।