चंबा के चंद्रशेखर मंदिर साहो में छत की मरम्मत कार्य में जुटे लोग।
साहो (चंबा)। ऐतिहासिक चंद्रशेखर मंदिर की छत अब बारिश के दिनों में नहीं टपेगी। सोमवार को मंदिर की मरम्मत का कार्य चंद्रशेखर मंदिर कमेटी साहो के पदाधिकारियों ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना के साथ शुरू करवा दिया है। उपायुक्त से मिली अनुमति के उपरांत कार्य आरंभ किया गया।
चंद्रशेखर मंदिर कमेटी के प्रधान अदीप चौणा समेत अन्य पदाधिकारियों सुनील महाजन, यशपाल और जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि ऐतिहासिक चंद्रशेखर मंदिर की छत बारिश के दौरान अक्सर टपकती रहती थी। इससे मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत होती थी। मामला ध्यान में आने पर उपायुक्त से कमेटी के पदाधिकारी मिले और मरम्मत कार्य करवाने के लिए अनुमति मांगी गई। इसकी अनुमति आखिरकार शनिवार को मिल गई है। सोमवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद मरम्मत कार्य आरंभ करवाया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान ने बताया कि मंदिर की छत का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर में शुद्धि हवन किया जाएगा। साथ ही दोपहर के समय मंदिर में भंडारा लगाया जाएगा।