सिहुंता के पास सड़क किनारें खड़ी चंबा डिपो की बस: जागरूक पाठक
सिहुंता (चंबा)। एक बार फिर बीच राह एचआरटीसी की बस खराब हो गई है। चंबा डिपो की यह बस बीते शनिवार से सिहुंता के पास सड़क के किनारे खड़ी है।
सवारियों को तेज धूप के बीच निजी वाहनों से या पैदल गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। हैरानी की बात है कि निगम प्रबंधन दावा कर रहा है कि यह बस चंबा डिपो की नहीं है और न ही उनकी बस सिहुंता रूट पर जाती है। दूसरी ओर बताया जा रहा है कि यह बस पठानकोट से चंबा आ रही थी। इस पर हिमाचल पथ परिवहन चंबा भी लिखा है। बस में सफर करने वाले लोगों ने सवाल उठाया है कि अगर यह बस चंबा डिपो की नहीं है तो इस पर हिमाचल पथ परिवहन निगम चंबा क्यों लिखा गया है। सवारियों ने कहा कि बीते दिन उक्त स्थान पर दो बसें खराब हो गई थीं। एक बस को धक्का लगाकर स्टार्ट किया गया तो दूसरी बस वहीं सड़क के किनारे खड़ी है। इसकी मरम्मत के लिए अभी तक कोई मेकेनिक निगम ने नहीं भेजा है। बस खराब होने से लोगों को परेशानी तो हुई ही साथ ही अपने गंतव्य तक पहुंचने में भी देरी हो गई। सवारियों में नीलम कुमारी, जानकी कुमारी, राज कुमार, हितेश, प्रकाश चंद, लोकिनंद और राकेश कुमार ने कहा कि लंबे रूट पर निगम खटारा बसें भेज रहा है। बीच रास्ते में बस खराब होने से सवारियों को परेशान होना पड़ रहा है। उनका किराया भी बर्बाद हुआ है। बताया कि सरकारी बस पर लिखा गया है कि आपकी अपनी भरोसेमंद सवारी और पूरा सफर तक नहीं कर पाई है। कहा कि पठानकोट से वे चंबा के लिए इसी बस में बैठकर आए थे, लेकिन सिहुंता के पास पहुंचने पर बस अचानक हांफ गई। वहीं, चालक ने उन्हें यह तर्क दिया कि यह बस आगे का सफर करने में असमर्थ है। इसलिए उन्हें जैसे-तैसे घर पहुंचना पड़ा।
उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधन शुगल सिंह ने कहा कि सिहुंता के पास खड़ी बस चंबा डिपो की नहीं है और न ही चंबा डिपो की कोई बस सिहुंता के लिए जाती है।