चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में जहां पहले ओपीडी में तीन मेडिसन विशेषज्ञ मरीजों का इलाज करते थे वहीं मौजूदा समय में एक मेडिसन विशेषज्ञ ओपीडी में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर रहा है। इसकी वजह से मरीजों को सुबह से लेकर शाम तक अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। मेडिसन विभाग के अध्यक्ष के पास प्राचार्य का कार्यभार भी है। इसके चलते वह दिनभर प्रबंधन के कार्य में व्यस्त रहते हैं। इसके साथ ईको टेस्ट भी वही कर रहे हैं।
यदि उन्हें थोड़ा समय मिल जाए तो मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करते हैं। इसके चलते उनकी ओपीडी में ज्यादातर ताला लटका रहता है। वहीं मेडिसन की ओपीडी में एक विशेषज्ञ को बैठाया जा रहा है। इसके चलते मरीजों की लाइन ओपीडी दरवाजे से लेकर पंजीकरण केंद्र तक लगी रहती है। एक विशेषज्ञ को ओपीडी में बारी-बारी से मरीजों की जांच करने में काफी समय लग जाता है।
तीमारदारों मनोज कुमार, हंसराज, केवल, सुरेंद्र, भाग सिंह, रवि कुमार, चैन लाल और टेक चंद ने बताया कि कुछ माह पहले जब मेडिसन विभाग में गिने-चुने विशेषज्ञ थे तो ओपीडी में तीन-तीन विशेषज्ञ बैठते थे। मरीजों को अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए विशेषज्ञों का विकल्प रहता था लेकिन मौजूदा समय में ओपीडी में एक ही विशेषज्ञ बैठाया जा रहा है। इसके चलते मरीजों को अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि ओपीडी में दो या तीन विशेषज्ञ बैठाए जाएं। इससे मरीजों को अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने में आसानी होगी और ओपीडी के बाहर उन्हें घंटों इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
ओपीडी में विशेषज्ञों की संख्या बढ़ाने को लेकर जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।- डॉक्टर पंकज गुप्ता, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज चंबा।