लोक निर्माण विभाग ने दोबारा बनाई ड्राइंग, स्वास्थ्य विभाग ने किया निरीक्षण
निर्माण स्थल पर जाकर अस्पताल भवन की सुरक्षा को लेकर लिया जायजा
बरसात में नुकसान पहुंचने के चलते पीडब्ल्यूडी ने दोबारा तैयार की नई ड्राइंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में अब दस करोड़ से नहीं बल्कि 15 करोड़ की लागत से नागरिक अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने नए सिरे से ड्राइंग तैयार की है। इसी ड्राइंग की अनुमति को लेकर मंगलवार को स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने नागरिक अस्पताल के निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बिपन ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कुमुद उपाध्याय, सहायक अभियंता हिमांशु वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम सिंह, बीएमओ किहार सुनील कक्कड़, तनेश्वर सिंह नरयाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने सलूणी में बनाए जाने वाले 50 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को जांचा। भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है लेकिन बरसात के मौसम में निर्माण स्थल पर भारी नुकसान हुआ था। इसके चलते भवन निर्माण के कार्य में थोड़ी तबदीली की गई। इसके चलते उसके बजट में भी अतिरिक्त मांग सरकार से की गई थी, जिसे सरकार ने स्वीकृत कर दिया। अब सुरक्षित और आधुनिक तरीके से सलूणी में नागरिक अस्पताल का निर्माण करवाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपन ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने जो नई ड्राइंग तैयार की है, उसे विभाग की ओर से अनुमति प्रदान कर दी गई है। इसी को लेकर यह निरीक्षण मुख्य रूप से किया गया था। अब शीघ्र सलूणी में भव्य नागरिक अस्पताल बनकर तैयार होगा।