शिक्षा विभाग ने एक सप्ताह के भीतर नवीनीकरण करवाने के जारी किए आदेश
इस अवधि में नवीनीकरण न करने वाले निजी स्कूलों की मान्यता हो सकती है रद्द
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के 30 निजी स्कूलों ने अभी तक अपनी मान्यता का नवीनीकरण नहीं करवाया है। शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित निजी स्कूल प्रबंधनों को नोटिस जारी कर दिए हैं।
विभाग ने सभी स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर मान्यता नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निजी स्कूलों को मान्यता संबंधी सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय में पूरी करनी होंगी। बावजूद इसके यदि स्कूल प्रबंधन नवीनीकरण करवाने में लापरवाही बरतते हैं तो उनकी मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद निजी स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि जिले में संचालित निजी स्कूलों को समय-समय पर मान्यता का नवीनीकरण करवाना अनिवार्य होता है। इसके लिए स्कूल प्रबंधनों को आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं। बावजूद इसके 30 स्कूलों ने अभी तक नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। विभाग ने संबंधित स्कूल प्रबंधनों को अंतिम अवसर देते हुए एक सप्ताह का समय दिया है।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मनोहर लाल ने बताया कि इस अवधि में नवीनीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ऐसे में संबंधित स्कूलों के प्रबंधनों को जल्द से जल्द विभागीय औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।