चंबा। विद्युत उपमंडल नंबर वन के तहत 739 उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा न करने पर नोटिस थमा दिए गए हैं। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से 34 लाख 9 हजार 11 रुपये की राशि वसूलनी है। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद बिजली बिलों को जमा न करने पर अब बोर्ड ने उपभोक्ताओं को अंतिम नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस में साफ किया है कि 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा न किए तो अस्थायी तौर पर बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बोर्ड की इस कार्रवाई से डिफाल्टर उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि शहर के विभिन्न मोहल्लों सहित आसपास के 739 उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। इससे हर माह बिजली बिलों के रूप में एकत्रित होने वाले राजस्व की पेंडिंग राशि बढ़ती जा रही है। ऐसे में अब बोर्ड प्रबंधन ने लेटलतीफ उपभोक्ताओं पर लगाम लगाने की योजना बनाई है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राज ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से समयानुसार बिजली बिल अदा न करने वाले 739 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। 15 दिन में बिजली बिल जमा न करवाने पर उनके बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिए जाएंगे।
उसके बाद उपभोक्ता को बिजली बिलों के साथ 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क अदा करना होगा। कहा कि अस्थायी कनेक्शन कटने के बाद भी बिजली बिल जमा न होने पर विभाग एक निर्धरित तय सीमा के बाद स्थायी तौर पर बिजली काट देगा। उसके बाद उपभोक्ता को बिजली बिल अदा करने के बाद नए सिरे से बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन करना होगा।