चंबा। कूड़े का सही निष्पादन न करने के लिए नगर परिषद चंबा को एक साल में आठ नोटिस जारी किए गए। हैरानी की बात यह है कि इनमें से एक भी नोटिस का जवाब नगर परिषद ने नहीं दिया गया। ये नोटिस कचरा बन रहे हैं, लेकिन जवाब का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है।
अब हाल ही में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर परिषद को नौवां नोटिस जारी किया है और 15 दिन में जवाब मांगा है। इसके साथ साल भर की रिपोर्ट बनाकर बोर्ड के सदस्य सचिव को भेजी गई है। अब नगर परिषद के खिलाफ शिमला से बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
जनवरी 2025 से बोर्ड नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था व पर्यावरण में फैल रही कचरे की गंदगी को लेकर अब तक आठ नोटिस जारी कर चुका है। हर नोटिस में कहा गया कि 15 दिन के भीतर नोटिस का जवाब दिया जाए। हालात यह हैं कि 15 दिन तो दूर की बात है कि एक साल होने को आया है। अभी तक एक भी नोटिस का जवाब नप की तरफ से नहीं दिया गया है। इससे नप की पर्यावरण प्रदूषण को लेकर गंभीरता का पता चलता है।
जानकारी के अनुसार कुरांह में नगर परिषद का कूड़ा संयंत्र बंद पड़ा है। वहां निष्पादन करने वाली मशीनें आग की चपेट में आने से जल चुकी हैं। ऐसे में मरेड़ी में कूड़े निष्पादन के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है। वहां पर कूड़े के अंबार लग चुके हैं। इसके निष्पादन को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। इससे कहीं न कहीं पर्यावरण प्रदूषण का खतरा बढ़ रहा है। स्थानीय लोग कचरे को लेकर अपनी आपत्ति जता रहे हैं।
13 लाख रुपये जुर्माना पिछले साल लगा था
नगर परिषद को कूड़े का सही निष्पादन नहीं करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 13 लाख रुपये का जुर्माना पिछले साल लगा चुका है। इसके अलावा आठ लाख रुपये का जुर्माना अलग से लगा था। बावजूद इसके कूड़े के निष्पादन को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
लोग कर रहे शिकायत- नदी के तट कचरे से भरे पड़े
शहर के आसपास नदी नालों के तट कचरे से भरे पड़े हैं। यह सारा कचरा शहर से उठाकर वहां ठिकाने लगाया जा रहा है। इससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। स्थानीय लोग इसको लेकर बार-बार शिकायतें कर रहे हैं।
नगर परिषद चंबा को साल में आठ नोटिस दिए गए। इसका जवाब अभी तक नहीं मिला है। ऐसे में एक और नोटिस जारी करने के साथ पीसीबी सदस्य सचिव को भी रिपोर्ट भेजी गई है। राहुल शर्मा, सहायक अभियंता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
जिसके लिए नोटिस, वो क्षेत्र पंचायत के दायरे में
नप चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से हाल ही में करियां में कूड़ा जलाने को लेकर नोटिस जारी किया गया है। यह दायरा पंचायत का है। कूड़ा संयंत्र केंद्र मरेड़ी में व्यवस्था को चकाचक करने के लिए कर्मी तैनात है। जो जुर्माना लगाया गया है, उसे अदा करने के प्रयास रहेंगे।