चांजू में नहीं नेटवर्क, मोबाइल उपभोक्ता हो रहे परेशान
रिश्तेदारों से बात करने को चार से पांच बार करनी पड़ रही कॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चांजू क्षेत्र में जियो कंपनी का नेटवर्क उपभोक्ताओं के लिए गले का फांस बन गया है। आलम ये है कि आए दिन जियो का सिग्नल गुल रहने से कॉल तक नहीं हो पा रही है। इसका खामियाजा स्कूली बच्चों समेत ऑनलाइन दस्तावेज बनवाने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बुधवार को भी क्षेत्र में शाम छह बजे के बाद जियो का नेटवर्क गुल हो गया। देररात 11:00 बजे जियो कंपनी का सिग्नल सुचारु हो पाया। उपभोक्ताओं का कहना है कि आज के समय में जियो के रिचार्ज काफी महंगे हैं। ऐसे में जियो कंपनी का सिग्नल गुल होने से उन्हें अपने रिश्तेदारों से बात करने के लिए चार से पांच कॉल करनी पड़ती हैं, जिससे उन्हें घाटा उठाना पड़ रहा है। लोगों ने तीसा प्रशासन से जियो कंपनी प्रबंधन को सख्त निर्देश जारी कर क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुचारु करने की मांग की है।
जियो कंपनी के उपभोक्ताओं अमर सिंह, दलीप कुमार, तरुण कुमार, मुकेश कुमार, विजय कुमार आदि ने तीसा प्रशासन से जियो कंपनी प्रबंधन को निर्देश जारी कर क्षेत्र में चल रही समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिग्नल गुल होने से कई बार आवश्यक कार्य तक नहीं हो पाते हैं, जिससे उनकी मुसीबतें बढ़ जाती हैं।