आईपीएच विभाग ने तीसा में 300 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर लंबित भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं। उपभोक्ताओं को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया है।
अगर समय के भीतर लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया तो विभाग पानी के कनेक्शन काट देगा। विभाग के अनुसार तीसा के भंजराड़ू, चनवास, खुशनगरी, जुंगरा, बैरागढ़, हियाड़, सनवाल, देवीकोठी के लगभग तीन सौ ऐसे उपभोक्ता हैं जो तीन वर्षों से आईपीएच विभाग के करीब ढाई लाख रुपये पर कुंडली मार कर बैठे हैं।
इससे विभाग को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे पहले भी विभाग ने दो बार नोटिस जारी करके उपभोक्ताओं को बिल जमा करवाने को कहा था। लेकिन इस पर उपभोक्ताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। लिहाजा आईपीएच विभाग ने ऐसे तीन सौ उपभोक्ताओं को डिफाल्टर घोषित करके लंबित बिल को जमा करवाने को कह दिया है।
आईपीएच विभाग ने साफ कर दिया है जो डिफाल्टर उपभोक्ता एक सप्ताह के भीतर बिल जमा नहीं करवाएंगे उनके पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
...
नियमित रूप से अदा करें पानी का बिल : भानू
आईपीएच विभाग तीसा के सहायक अभियंता भानू प्रताप ने बताया कि विभाग लोगों की सुविधा का पूरा ख्याल रखता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को भी विभाग का सहयोग करना चाहिए। लिहाजा नियमित पानी की आपूर्ति के लिए नियमित रूप से पानी का भुगतान अवश्य करें।