चंबा। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या 50 से भी कम रह गई है। शनिवार को भी एक साथ नौ मरीजों ने कोरोना को मात देने में सफलता पाई है। इन मरीजों में एक डीसीएचसी, छह मरीज डीसीएच और दो लोग होम आईसोलेट थे।
रिकवरी के बाद जिले में सक्रिय केस 44 रह गए हैं। जबकि अभी तक 2810 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसके अलावा अभी तक 2907 कोरोना के नए मामले सामने आ चुके हैं। पचास लोगों की जिले में कोरोना से मौत भी हुई है।
सीएमओ चंबा डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि पिछले कुछ समय से जिले में कोरोना के नए मामले कम आ रहे हैं। जो अच्छी बात है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से मास्क पहनें और सामाजिक दूरी के नियम की पालना सुनिश्चित बनाएं। इसके अलावा उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना के लक्षण होने पर तुरंत कोरोना टेस्टिंग करवाएं। जिससे समय रहते उन्हें जरूरी उपचार प्रदान किया जा सके।