साहो (चंबा)। ग्राम पंचायत कीड़ी के दलेई गांव में ग्रामीणों की रातें अंधेेरे में कट रही हैं। गांव में बिजली की सप्लाई दो दिन से गुल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तो बारिश भी नहीं हो रही है। ऐसे में बिजली सप्लाई का बंद रहना समझ से परे है। कई बार विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को समस्या के समाधान को लेकर अवगत करवाया, बावजूद इसके अभी तक समस्या का हल नहीं किया। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता से समस्या का समाधान करवाने की मांग की है। ग्रामीणों राजीव कुमार, कमलेश कुमार, देवी सिंह, नरेश कुमार, बॉबी, सरणों, ठाकुरू राम, जयराम, सोहन लाल, हैप्पी, रिंकू आदि ने बताया कि बिजली बिलों की समय पर अदायगी करने के बावजूद गांव में बिजली गुल होना उनकी मुसीबतों को बढ़ा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गुल होने से गृहिणियों को दिन के उजाले में ही रात का खाना तैयार करना पड़ रहा है।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को विद्युत बोर्ड के कर्मी को मौके पर भेज कर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।