चंबा। एनएचपीसी अस्पताल सुरंगानी में कार्यरत सीनियर एक्स-रे तकनीशियन का शव कमरे से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान भूषण मलहोत्रा पुत्र स्वर्गीय देसराज निवासी कोठी नंबर 79 बिहार फेज-दो जिला अमृतसर के रूप में हुई। एक्स-रे तकनीशियन पिछले चार दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था।
जानकारी के अनुसार अस्पताल के सीएमओ ने मंगलवार सुबह जब उसे फोन किया तो कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद अस्पताल के दो कर्मचारियों को कमरे में भेजा गया। मगर कमरा अंदर से बंद था। फोन की घंटी बज रही थी, लेकिन फोन भी कोई नहीं उठा रहा था। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन ने सुरंगानी पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी।
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरा खोला तो भीतर तकनीशियन का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को उठाकर सुरंगानी अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस की पूछताछ में एनएचपीसी अस्पताल के सीएमओ ने बताया कि एक्स-रे तकनीशियन पत्नी की बीमारी की वजह से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। इस वजह से वह पिछले चार दिनों से ड्यूटी पर भी नहीं आ रहे थे।
पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है। पुलिस अधीक्षक एस अरूल कुमार ने बताया कि सुरंगानी में कमरे में एक्स-रे तकनीशियन का शव बरामद हुआ है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।