चंबा-भरमौर मार्ग पर बग्गा के पास पलटी हाइड्रा मशीन।
- फोटो : Chamba
चंबा। भरमौर-पठानकोट एनएच पर बग्गा के पास गिरी मशीनरी को उठाने के लिए पहुंची हाइड्रा मशीन पलट गई। इससे एनएच पर करीब बीस घंटे तक यातायात ठप रहा। एनएच पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, मंगलवार देर रात करीब नौ बजे से बंद एनएच को बुधवार को करीब छह बजे बहाल कर दिया गया। बीस घंटे तक लोगों को अपने परिवार के साथ भूखे-प्यासे वाहनों में ही समय काटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक भरमौर-पठानकोट एनएच पर बग्गा के समीप सड़क पर गिरी भारी-भरकम मशीनरी को हटाने के लिए मंगलवार देरशाम निजी कंपनी प्रबंधन ने हाइड्रा मशीन को भेजा। मशीनरी को हटाते समय हाइड्रा चालक ने मशीन से संतुलन खो दिया और हाइड्रा एनएच पर ही पलट गई। इसके चलते एनएच पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। हालांकि, हाइड्रा के चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए छलांग लगा कर अपनी जान बचाई। इस दौरान उन्हें मामूली चोटें लगी हैं। एनएच पर हाइड्रा पलटने से देखते ही देखते भरमौर और चंबा की ओर से छोटे-बड़े वाहनों की कतारें लग गईं। एनएच बंद होने से नौकरीपेशा और अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
एनएच चंबा मंडल के सहायक अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि बग्गा के पास मशीनरी को हटाने के लिए कंपनी प्रबंधन की ओर से भेजी गई हाइड्रा पलटने से जाम लग गया था। कहा कि बुधवार शाम को एनएच बहाल कर दिया गया है।