प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कड़ी कार्रवाई करने के लिए जारी किए आदेश
कुछ दिन पहले एनजीटी की टीम ने किया था डलहौजी क्षेत्र का दौरा
एनजीटी के आदेशानुसार पीसीबी ने नगर पंचायत को जारी किया नोटिस
प्रवीण कुमार
चंबा। एनजीटी के आदेशों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर पंचायत बनीखेत को नोटिस जारी किया है। पंचायत में चारों तरफ लगे कचरे के ढेर को लेकर जवाब मांगा गया है। कुछ दिन पहले एनजीटी की टीम डलहौजी भ्रमण पर पहुंची थी। इसी दौरान जब यह टीम बनीखेत से गुजर रही थी तो उनकी नजर बनीखेत में सड़क और जंगल किनारे लगे कचरे के ढेरों पर पड़ी। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी भी जाहिर। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आदेश दिए कि पर्यावरण को प्रदूषित करने के लिए कड़ी कार्रवाई करें। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर पंचायत को नोटिस जारी करके सात दिनों में जवाब मांगा है। साथ ही कचरे को साफ करने के निर्देश दिए हैं।
यदि पंचायत ने सात दिन में नोटिस का जवाब नहीं दिया और कचरे को साफ नहीं किया तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जुर्माना भी लगा सकता है। नोटिस मिलने के बाद से पंचायत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। उन्हें यह भी चिंता सता रही है कि यदि उन्होंने इसका समय पर जवाब नहीं दिया तो पीसीबी तो कार्रवाई करेगा, साथ में एनजीटी भी इसमें बड़ी कार्रवाई कर सकता है। उनका जो भी जवाब होगा, उसे पीसीबी एनजीटी को भी भेजेगा।
पीसीबी के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि एनजीटी की टीम ने जब डलहौजी और बनीखेत का निरीक्षण किया तो बनीखेत में उन्हें कचरे के ढेर दिखाई दिए। इसी संबंध में नगर पंचायत को नोटिस जारी किया गया है। आगामी कार्रवाई जवाब आने के बाद अमल में लाई जाएगी।