नवरात्र ... ऐतिहासिक चामुंडा मंदिर में उमड़ रही भीड़
चंबा। नवरात्र को लेकर चंबा के ऐतिहासिक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। चामुंडा मंदिर में सुबह और शाम के समय श्रद्धालु अधिक संख्या में माता का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। यह मंदिर काफी प्राचीन है। ऐसे में यहां जिले के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु परिवार सहित माथा टेकने के लिए पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, मन्नत पूरी होने के बाद भी कई लोग अपने बच्चों के मुंडन करवाने के लिए भी मंदिर में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा लक्ष्मीनारायण मंदिर, शीतला माता, कस्से माता, रखालू माता, बन्नी माता, चौरासी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में नवरात्र के उपलक्ष्य पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। चामुंडा माता मंदिर को रंग बिरंगी लाइटें लगाकर दुल्हन की तरह सजाया गया। यह शाम ढलते ही जगमग होकर चमकने लगता है। संवाद