इसी माह विकास कार्यों को लेकर होगी बैठक
हाउस टैक्स के सर्वे के लिए निदेशालय को भेजा जाएगा पत्र : नीलम नैयर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद चंबा शहर में पांच लाख से ऊपर होने वाले विकास कार्यों के ऑनलाइन टेंडर करेगी। वहीं पांच लाख से कम होने वाले विकास कार्य के टेंडर ऑफलाइन ही किए जाएंगे। इसको लेकर इसी माह हाउस की बैठक आयोजित की जाएगी। सभी वार्डों में विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके अलावा हाउस की बैठक में शहर में हाउस टैक्स के सर्वे को लेकर निदेशालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि चंबा शहर में पिछले पांच सालों से विकास कार्य लटके हुए हैं। कहीं, सड़क खस्ताहाल है तो कहीं नालियां टूटी हुई हैं। कहीं स्ट्रीट लाइटों का अभाव तो कहीं पार्किंग की भी सुविधा नहीं है। इसको लेकर शहरवासियों में रोष है। पार्षदों ने भी इसका विरोध किया है। मार्च में आचार संहिता लगते ही विकास कार्यों पर भी रोक लग गई थी। तीन माह तक विकास कार्य न होने से शहर के सभी वार्डों की हालत खस्ता हो चुकी है। इसको लेकर नगर परिषद जल्द बैठक करेगी। इसमें पांच लाख से ऊपर वाले विकास कार्य ऑनलाइन होंगे जबकि पांच लाख से कम विकास कार्य ऑफलाइन किए जाएंगे। खैर, अब इसी माह शहर के विकास कार्य आरंभ होने वाले हैं। चंबा शहर के सपड़ी, सुराड़ा, चौंतड़ा, चौगान, धड़ोग, कसाकड़ा, जुलाहकड़ी, जनसाली, सुल्तानपुर, हरदासपुरा आदि वार्ड शामिल हैं। यहां लंबे समय से कई विकास कार्य नहीं हुए हैं। इन वार्डों में जल्द विकास कार्य शुरू करने का नगर परिषद ने निर्णय लिया है।
नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर का कहना है कि इसी माह हाउस की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें वार्डों के विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। कहा कि पांच लाख से ऊपर वाले विकास कार्य ऑनलाइन जबकि पांच लाख से कम राशि से होने वाले विकास कार्य ऑफलाइन किए जाएंगे।