बीपीएल सूची से हटेंगे कोठियों और कार मालिकों के नाम
नगर परिषद ने पार्षदों को दिए बीपीएल सूची में शामिल परिवारों के नाम कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश
शहर के सुविधा संपन्न 40 लोगों के नाम हैं बीपीएल सूची में, दस परिवारों ने किया है शामिल होने को आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। आलीशान कोठियों और गाड़ियों के मालिकों के नाम बीपीएल सूची से काट दिए जाएंगे। नगर परिषद ने सभी वार्ड पार्षदों को बीपीएल सूची में शामिल परिवारों की रिपोर्ट कार्यालय में देने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद सुविधा संपन्न लोगों के नामों की सूची उपलब्ध होने के बाद इन्हें बीपीएल सूची से हटाएगी। सूत्रों के अनुसार वार्ड पार्षदों की मेहरबानी से गरीब परिवार बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। दो मंजिला पक्का मकान और कारों के मालिक लोगों के नाम सूची में दर्ज हैं।
अब नगर परिषद ने पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि बीपीएल सूची में शामिल सभी परिवारों की रिपोर्ट कार्यालय में जमा करवाएं। शहर के करीब 40 परिवार ऐसे हैं, जो सुविधा संपन्न होने के बावजूद बीपीएल का लाभ ले रहे हैं। पिछले दस वर्षों से सर्वे न होना इसका कारण है।
नगर परिषद के तहत 11 वार्ड हैं। ये सुल्तानपुर, हरदासपुरा, सपड़ी, हटनाला, चौगान, जुलाहकड़ी, जनसाली, सुराड़ा, चौंतड़ा, धड़ोग और कसाकड़ा हैं। नगर परिषद में बीपीएल परिवारों की संख्या 909 है। बीपीएल सूची से अधिकतर सरकारी नौकरी मिलने वाले लोगों ने नाम कटवाए हैं। निजी कार्य करने वाले लोगों के नाम सुविधा संपन्न होने के बावजूद सूची में दर्ज हैं। वर्तमान समय में लगभग दस परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए आवेदन किया है।
नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि वार्ड पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि सुविधा संपन्न लोगों के नाम की रिपोर्ट कार्यालय में जमा करवाएं, जिससे उन्हें बीपीएल सूची से बाहर किया जाए।