कहा, बंद पड़ी सिंचाई परियोजना फिन्ना सिंह का निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू
समारोह में बच्चों के साथ नाटी भी डाली
चुवाड़ी- जोत सड़क को डबल लेन करने के लिए 20 करोड़ रुपयों की राशि मंजूर
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुवाड़ी के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पधारे विस अध्यक्ष ने शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य स्कूली गतिविधियों मे उत्कृष्ट रहने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। इस दौरान उन्होंने जमकर नाटी डाली। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने इस दौरान एक के बाद एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
विद्यार्थियों ने पहाड़ी, हिंदी, पंजाबी, हरियाणवी और राजस्थानी गीतों पर एक से एक बढ़कर प्रस्तुति देकर सबका मन मोहा। विस अध्यक्ष ने अध्यापकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल देने का आग्रह किया। कहा कि युवा शक्ति देश की बहुमूल्य संपदा है और युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा एवं क्षमता का सदुपयोग कर एवं उनमें अनुशासन की भावना का विकास कर सुदृढ़ समाज, विकसित प्रदेश और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। कहा कि चुवाड़ी-जोत सड़क को डबललेन करने के लिए 20 करोड़ रुपयों की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। कहा कि सिहुंता-लाहड़ू सड़क मार्ग को 1 वर्ष के भीतर डबल लेन बनाया जाएगा। इसके साथ लंबित सिंचाई परियोजना फिन्ना सिंह का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। चुवाड़ी में बन रही सीवरेज परियोजना को जल्द पूरा कर जनता को जल्द समर्पित की जाएगी। भटियात में जल्द खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे। भटियात विधानसभा में मूलभूत सुविधा सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे। जिले में रिक्त पड़े पदों पर भी पठानिया ने चिंता व्यक्त की और उन पदों को जल्द भर कर जनता को सुविधाजनक बनाया जाएगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य रुचिका महाजन ने मुख्यातिथि का स्वागत कर स्कूल की शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों से संबंधित वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने स्कूल को 31,000 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उपनिदेशक उच्च शिक्षा प्यार सिंह एवं स्कूल प्रबंधन कमेटी ने विधानसभा अध्यक्ष को शॉल टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया ।