स्कूलों में सिग्नल न होने से बढ़ी समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। शिक्षा खंड बनीखेत के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक पाठशाला कंडेई और चुहन स्कूल स्टाफ को बायोमीट्रिक मशीन से हाजिरियां लगाना गले की फांस बन गया है। क्षेत्रों में इंटरनेट सुविधा न होने से स्कूल का डाटा ऑनलाइन करने में भी स्कूल स्टाफ को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। आलम यह है कि घंटों ऑनलाइन पोर्टल तक नहीं खुल रहा है। यदाकदा यदि पोर्टल खुल भी जाए तो ऑनलाइन कार्य नहीं हो पाता है। इससे क्षेत्र के इन स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरियां लगाना चिंता का विषय बना हुआ है।
यहीं कारण है कि स्कूल संबंधी ऑनलाइन निर्देश भी कई बार विद्यालय प्रबंधन के पास समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। गौरतलब है कि एक तरफ तो शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरियां लगाने के फरमान जारी किए गए हैं। बावजूद इसके कंडेई और चुहन स्कूलों में सिग्नल न होना चिंता का विषय बना हुआ है। किसी भी प्रकार की दूरसंचार सेवाएं यहां पर न होने से स्टाफ को परेशानी हो रही है।
स्कूल प्रबंधक योगेश ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में सिग्नल संबंधी दिक्कत के चलते स्कूल के बैंक खाते के लेनदेन, स्कूल की ईमेल संबंधित जानकारी, ई-सवांद डाटा और विभागीय ग्रुप से मिलने वाली जानकारी जैसे कार्य समय पर नहीं हो पाते हैं। बताया कि कई बार समस्या तब बढ़ जाती है जब शिक्षा विभाग को स्कूल संबंधी कोई आवश्यक जानकारी मुहैया करवानी हो। यह जानकारी कार्यालय भेजने के लिए कई घंटों का समय लग जाता है। बताया कि शिक्षा खंड बनीखेत के तहत कंडेई स्कूल अपनी हर एक गतिविधियों और बेहतरीन प्रदर्शन के रिकॉर्ड में पूरे जिले में पहले स्थान पर है लेकिन स्कूल में सिग्नल नहीं होेने से दिक्कत हो रही है।
शिक्षा खंड बनीखेत के बीईईओ जेपी ठाकुर ने बताया कि कंडेई और चुहन विद्यालयों में सिग्नल संबंधी परेशानी के बारे में विभागीय अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।