चंबा। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा हाईकमान ने अपने शीर्ष नेतृत्व को जिलों के दौरे करने की ड्यूटी लगा दी है। इसी कड़ी में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी चंबा जिले के दौरे पर पहुंची हैं। इस दौरान वह भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलकर मतदाताओं की नब्ज भी टटोलेंगी। उनका यह दौरा टिकट के दावेदारों का फैसला कर सकता है।
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और महामंत्री भी चंबा का दौरा करके मंडलों के साथ बैठकें कर चुके हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीबी माने जाने वाली राज्यसभा सांसद चंबा जिले के दौरे पर पहुंची हैं। वह अपने दौरे के दौरान विधानसभा क्षेत्र चंबा, चुराह और भरमौर में कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। यहां वह कार्यकर्ताओं से बैठकें कर सकती हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान वह लोगों में नेताओं के अस्तित्व का भी पता लगाएंगी। भाजपा ने अभी तक प्रदेश में अपनी टिकटों को लेकर प्रत्याशियों के नाम उजागर नहीं किए हैं।
टिकट आवंटन से पहले भाजपा हाईकमान अपनी तरफ से सर्वेक्षण करवा रहा है। इसी सर्वेक्षण के आधार पर प्रत्याशियों को टिकट दिए जाएंगे। जिले के विधानसभा क्षेत्र चुराह, चंबा और भरमौर से इस बार टिकट के कई दावेदार कतार में लगे हैं। ऐसे में पार्टी को किसी एक नेता को टिकट देना मुश्किल हो रहा है।
ऐसे में इन बड़े नेताओं की रिपोर्ट टिकट का आवंटन करने में अहम भूमिका निभा सकती है। यह भी सुगबुगाहट है कि राज्यसभा सांसद के दौरे के बाद भाजपा टिकटों को लेकर मुहर भी लगा सकती है। फिलहाल, जिले में टिकट के दावेदार राज्यसभा सांसद के दौरे को लेकर अलर्ट हो गए हैं।