सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी में एनएचपीसी लगाकर देगी नई मशीन
20 फरवरी को प्रशासन और एनएचपीसी के बीच साइन हुआ था एमओयू
संवाद न्यूज एजेंसी
धरवाला (चंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने का एमओयू साइन होने के बाद भी मशीन नहीं लग पाई है जबकि एनएचपीसी और प्रशासन के बीच में एमओयू एक माह पहले ही साइन हो चुका है।
इसमें सीएसआर के तहत एनएचपीसी 32 लाख रुपये की धनराशि खर्च कर नई अल्ट्रासाउंड मशीन लगाकर देगी लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इसकी औपचारिकताएं ही पूरी नहीं की हैं। इस कारण एनएचपीसी चाह कर भी वहां मशीन स्थापित नहीं कर पा रही है। इसी समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को उपायुक्त से भी मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मशीन को जल्द स्थापित कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए। मशीन लगने से एक दर्जन पंचायतों के मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 30 किलोमीटर का सफर कर चंबा नहीं जाना पड़ेगा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि एनएचपीसी से समन्वय कर सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करें।