चंबा शहर में रात के समय गाड़ियों के टायरों की चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को धड़ोग मोहल्ला के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के टायर चोरी हुए हैं। इसके अलावा गाड़ी का शीशा तोड़कर उसके अंदर रखा जैक भी चोरों ने उड़ा लिया है। गाड़ी के टायरों की चोरी को लेकर गाड़ी के मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। इससे पहले कसाकड़ा में वाहनों के टायरों की चोरी रुकने का मामला सामने आ चुका है।
कसाकड़ा मोहल्ला में वाहनों के टायरों की चोरी दो बार हो चुकी है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक इन चोरों को नहीं पकड़ा गया है। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। स्थानीय निवासी करता दास, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार, अशोक कुमार, मनोज कुमार, संजय कुमार और तिलक सिंह ने बताया कि चंबा में हो रही वाहनों के टायरों की चोरी से लोगों ने सड़क किनारे अपने वाहनों को खड़ा करना बंद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी गाड़ी के टायरों की चोरी हो चुकी है लेकिन चोरी करने वाले आरोपी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते इन चोरों पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले दिनों में लोगों के घरों में चोरी के मामले सामने आ सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि कसाकड़ा में वाहनों के टायरों की चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि दोबारा से कोई भी ऐसी घटना को अंजाम देने के बारे में नहीं सोच सके।