चंबा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पुलिस की ओर से रोजाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए जा रहे हैं। इन चालानों में पुलिस हजारों रुपये जुर्माना भी वसूल कर रही है।
वीरवार को पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए। इस दौरान पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 64 चालान किए। साथ ही 11, 700 रुपये जुर्माना भी वसूला।
डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा हुआ है। इस अभियान के तहत रोजाना विभिन्न स्थानों पर पुलिस की ओर से नाके बंदी की जा रही है।
इसमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान से शहर में यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। इसके अलावा दो चालान कोटपा के तहत भी पुलिस ने काटे जिसमें दो सौ रुपये जुर्माना वसूल किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।