चंबा के सलूणी–तेलका मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी।संवाद
तेलका/सलूणी/चंबा। तेलका-सलूणी मार्ग पर बंजाल के पास मंगलवार हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह साल के प्रिंशु और दो साल के ईशू की आंखों के सामने उनकी मां निशा देवी (27 वर्ष) निवासी खलौड़ी, टिकरू की जान चली गई। दो मासूमों से उनकी आंखों के सामने मां का आंचल छिन जाने की इस हृदय विदारक घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
हादसे में टैक्सी चालक विशाल कुमार (38 वर्ष) निवासी ग्राम बंजाल की भी मौके पर मौत हो गई। दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं और प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा भेजे गए हैं, जहां उनकी हालत में सुधार बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी जय कुमार ने बताया कि सुबह 9:00 वह जब खेत में काम कर रहे थे तो सड़क की ओर से चिल्लाने की आवाज सुनी। ऊपर देखा तो टैक्सी खाई में गिरती नजर आई। वह और अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। खाई में टैक्सी पेड़ों के बीच फंसी हुई थी। टैक्सी में चालक, महिला और दो बच्चे थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और ग्रामीणों की मदद से सभी को वाहन से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने पर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए किहार अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि किहार अस्पताल में चालक और महिला को चिकित्सकीय टीम ने मृत करार दिया, जबकि दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे का कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और परिवार सहित ग्रामीणों में गहरी शोक की लहर फैल गई है।