संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के सलूणी क्षेत्र की रहने वाली मां-बेटी की कोरोना सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मां-बेटी का यात्रा इतिहास नोएडा से जुड़ा है। दोनों को प्रशासन ने होम क्वारंटीन किया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पॉजिटिव आए मां-बेटी को कोविड-केयर सेंटर बालू में शिफ्ट किया जा रह है। खबर की पुष्टि सीएमओ चंबा डॉ. राजेश गुलेरी ने की है।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों से सैंपल एकत्रित किए थे। इसमें 15 सैंपल की रिपोर्ट आना शेष थी। यह रिपोर्ट बुधवार को आई। इसमें 15 में 13 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जबकि दो सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे जिले अब सक्रिय मरीजों की संख्या 15 पहुंच गई है। वहीं, दूसरी तरफ मंगलवार को जांच के लिए भेजें 47 सैंपलों में 44 सैंपलों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। जबकि तीन सैंपलों की जांच चल रही है। वहीं, बुधवार को विभाग ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य खंडों से 126 सैंपल लिए हैं।
इसमें से दस की जांच ट्रूृ नॉट मशीन में होगी। जबकि 116 सैंपलों की जांच सरोल पीसीआर लैब में होगी। सीएमओ चंबा डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि नोएडा से लौटी 29 वर्षीय महिला और पांच वर्षीय बच्ची की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को बालू कोविड-केयर सेंटर शिफ्ट किया जा रहा है।