चंबा। आखिरकार तीन दिन बाद मौसम साफ होते ही शनिवार को रूटों में फंसीं सभी सरकारी और निजी बसों को निकाल लिया गया है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से दो दर्जन से अधिक सरकारी और निजी बसें फंसी थीं।
ऐसे में रूटों पर बसें न चलने से लोगों को पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा था। हालांकि, लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मार्ग को बहाल करने में जुटी रही। शनिवार को मार्ग बहाल के बाद रास्ते में फंसीं एक दर्जन से अधिक बसें चंबा बस अड्डे में पहुंच गई हैं।
एचआरटीसी की लगभग 10 से 15 और दर्जन भर निजी बसें मार्ग बंद होने से रास्ते में फंसी थीं। इस कारण तीन दिन तक व्यवस्था पटरी से उतरी रही। चंबा-सलूणी, तीसा, भरमौर और भटियात इलाके में बारिश के कारण भारी भूस्खलन हुआ था। इससे कई मार्ग अवरुद्ध हो चुके थे। तीन दिन के बाद शनिवार को व्यवस्था बेहतर हो पाई है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने कहा कि सलूणी और तीसा लाइन में ही निगम की ज्यादातर बसें फंसी थीं। ये अब चंबा बस स्टैंड में पहुंच चुकी हैं और निर्धारित रूटों पर जा रही है।