कोविड आउट सोर्स कर्मियों का अनुबंध खत्म होने के बाद अल्ट्रासाउंड रूम के बाहर खड़ी महिलाएं। स्त्
चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में सवा सौ से ज्यादा आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से हटाने के बाद अस्पताल में अव्यवस्था हावी होने लगी है। एक तरफ मौसम बदलने से वायरल की चपेट में आए बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
दूसरी आेर कर्मियों की कमी से बाकी स्टाफ पर काम का बोझ बढ़ गया है और लोगों की भीड़ इनको संभालना मुश्किल हो गया है। जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज चंबा से 130 स्टाफ नर्सें, पेशेंट केयर, लैब तकनीशियन और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का अनुबंध खत्म होना इसकी वजह माना जा रहा है। ऐसे में अब अल्ट्रासाउंड, लैब, एक्सरे और विभिन्न वार्डों में मरीजों के हुजूम से निपटने के लिए तैनात स्टाफ को काफी माथापच्ची करनी पड़ रही है। आउटसोर्स कर्मियों का अनुबंध खत्म होने के बाद अब तक यह संशय बना हुआ है कि इनका अनुबंध बढ़ेगा या नहीं तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में कर्मियों के डयूटी से हटने के बाद अस्पताल में हालात बदतर होते प्रतीत हो रहे हैं।
अस्पताल में तैनात स्टाफ को डबल डयूटी तक करनी पड़ रही है। मेडिकल कॉलेज चंबा में मंगलवार को विभिन्न वार्डों में आउटसोर्स कर्मियों के न होने से तैनात स्टाफ पर काम का बोझ बढ़ गया। तैनात स्टाफ को ही मरीजों को इंजेक्शन, बुखार चैक करने, दवाइयां देने समेत अन्य कार्य को अंजाम देना पड़ा तो वहीं, मेडिकल कॉलेज चंबा की लैबों में भी इसी प्रकार का आलम देखने को मिला। लैब के बाहर कतारों में खड़े लोगों को टेस्ट करवाने और रिपोर्ट लेने में परेशानियां पेश आई। इतना ही नहीं, विभिन्न चिकित्सकों की ओपीडी में मरीजों को चैकअप करवाने के लिए भेजने के लिए रखे गए चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के न होने पर भीड़ को संभालना भी चिंता का विषय बना रहा।