चंबा। सिहुंता क्षेत्र के तहत कामला गांव में बारिश के चलते किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। ऐसे में किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
किसानों में माधो राम, चमेल सिंह और मोती राम ने बताया कि उन्होंने गांव बनेट स्थित अपनी पुश्तैनी जमीन पर शीशम के बीस पेड़, खैर के तीस पेड़, नींबू के 25 पेड़, गलगल के दस पेड़, आम के सात पेड़, अमरूद के पांच और सिम्बल के पांच पेड़ सहित पीपल के पांच पेड़ 31 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण तबाह हो गए हैं। बताया कि खेतों की ओर जाने वाला रास्ता भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। बताया कि वे खेतीबाड़ी कर ही परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।