खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में बंदरों का आतंक पर्यटन कारोबार पर असर डाल रहा है। झील मैदान में घूमने वाले पर्यटकों के सामान पर बंदर झपट रहे हैं। इसके अलावा रेहड़ीधारक और दुकानदार भी इससे परेशान हैं। वन्य प्राणी विभाग बंदरों को दूर भगाने के लिए कोई भी उचित कदम नहीं उठा रहा है। इसको लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भारी रोष है। बंदरों के झुंड जंगल से निकलकर झील मैदान में विचरण करते रहते हैं। जैसे ही उनकी नजर पर्यटकों के सामान पर पड़ती है तो वे उसे छीनने के लिए झपट पड़ते हैं।
स्थानीय निवासी अशोक, संजीव, रमेश, राकेश, चमन, संजीव, विक्रम, संजू और सुनील ने बताया कि पहले बंदरों का यहां इतना आतंक नहीं था, लेकिन, पिछले कुछ महीनों से इनकी संख्या काफी बढ़ गई है। पहले बंदर सिर्फ जंगलों तक ही सीमित रहते थे। उन्होंने प्रशासन और वन्य प्राणी विभाग से मांग की है कि बंदरों को यहां से दूर भगाने को लेकर उचित कदम उठाए जाएं।