बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत मनोला के छाना गांव की 16 वर्षीय रिया पर बंदरों के झुंड ने हमला करके उसे घायल कर दिया। युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक रिया शनिवार को शाम 5:00 बजे अपने घर से थोड़ी दूर खेत में काम करने गई थी। उसी दौरान बंदरों के एक झुंड ने रिया पर हमला कर घायल कर दिया।
युवती ने बंदरों के हमले से भागने का काफी प्रयास किया लेकिन रिया बंदरों ने उसकी पीठ और लातों में घाव कर दिए। वहीं, कुछ दूरी पर निगम के परिचालक ने युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसे बंदरों के चंगुल से छुड़ाया। ग्रामीणों ने रिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी पहुचाया जहां चिकित्सक ने युवती का उपचार कर उसको छुट्टी देकर घर भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी गांव में दो बार बंदर लोगों पर हमला कर चुके हैं। उन्होंने वन्य प्राणी विभाग से आग्रह किया है कि इस समस्या को लेकर शीघ्र ही कोई हल निकाला जाए। कहा कि बंदरों का आतंक इतना ज्यादा बढ़ गया है कि वे बागवानों और किसानों की फसलों और फलों को भी बर्बाद कर रहे हैं। इससे लोगों का काफी नुकसान होता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी के चिकित्सक पुनीत पराशर ने बताया कि शनिवार को युवती को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वन मंडल अधिकारी डलहौजी रजनीश महाजन ने बताया कि इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।