चंबा। विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत जांघी में सोमवार को सदर विधायक पवन नैयर ने भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। साथ ही उनके त्वरित निदान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आदेश भी जारी किए। विधायक ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान की जल्द भरपाई की जाएगी।
कहा कि मलबा हटाने के लिए राष्ट्रीय उच्चमार्ग के अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का तत्परता से निवारण करना उनकी प्राथमिकता है। इस घटना में जिन लोगों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें प्रशासन और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस दौरान उन्होंने लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है।
इसी के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को 14 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सरकार और प्रशासन के आदेशों का पालन करें और मास्क जरूर पहनें। अपनी बारी आने पर वैक्सीन भी अवश्य लगवाएं जिससे वायरस को पराजित किया जा सके। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।