विधायक नीरज ने रखी जीप योग्य मंगला-टपूण मार्ग की आधारशिला
तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण पर खर्च होंगे 45 लाख, मंगला- टपूण मार्ग का लोकार्पण
कोलका पंचायत में पुंदला संपर्क सड़क का किया भूमि पूजन, 70 लाख रुपये से बनेगा मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगला (चंबा)। सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने बुधवार को जीप योग्य मंगला-टपूण मार्ग के शेष करीब तीन किलोमीटर हिस्से के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस निर्माण कार्य पर करीब 45 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस कार्य की निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सदर के विधायक ने मंगला- टपूण मार्ग के निर्मित छह किलोमीटर हिस्से का लोकार्पण भी किया। विधायक ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के निर्माण से टपूण पंचायत के दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस संपर्क मार्ग को चरणबद्ध तरीके से तारकोल बिछाकर पक्का करने को लेकर भी विभागीय कवायद शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में मंगला- टपूण मार्ग के द्रबला गांव तक तीन किलोमीटर हिस्से को पक्का किया जाएगा। इस कार्य को बजट में भी डाल दिया गया है। उन्होंने संपर्क मार्ग के निर्माण में भूमिदान करने वाले लोगों का विशेष तौर से आभार प्रकट किया। इसके बाद सदर विधायक ने कोलका पंचायत में पुंदला संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस एक किलोमीटर वाहन योग्य मार्ग के निर्माण कार्य पर 70 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इससे पहले सदर विधायक नीरज नैयर का द्रबला और पुंदला पहुंचने पर लोगाें ने जोरदार स्वागत किया।