मैहला, धरवाला, खडामुख, लूणा व होली में शौचालय बनाने की मांग
जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में अध्यक्ष को बताई समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। होली-उतराला सड़क और सुरंग का निर्माण करवाने में सरकार को तीव्रता लानी चाहिए। यह जनजातीय क्षेत्र भरमौर के लोगों के लिए सबसे जरूरी योजना है।
पालमपुर जाने के लिए भरमौर के लोगों को पहले 66 किलोमीटर का सफर करके जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ता है। यहां से पालमपुर के लिए अलग बस लेनी पड़ती है। ऐसे में यह सुरंग बनती है तो लोग चंबा जाने के बजाय सीधे बैजनाथ पहुंच पाएंगे। यह बात भरमौर विस क्षेत्र के विधायक डॉक्टर जनकराज ने जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में विस अध्यक्ष के समक्ष रखी। उन्होंने यह भी कहा कि चंबा से होली तक विभिन्न स्टेशनों पर जहां यात्री ठहरते हैं। वहां सार्वजनिक शौचालयों की कमी है। इसलिए मैहला, धरवाला, खडामुख, लूणा और होली में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को यह भी सुझाव दिया कि जो मोबाइल शौचालय हैं, उन्हें इन स्टेशनों पर रखा जाए। सबसे ज्यादा परेशानी मणिमहेश यात्रा के दौरान होती है। इसलिए प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। इस मुद्दे को लेकर वह निजी तौर पर भी जिला प्रशासन से बात करेंगे। विस अध्यक्ष ने प्रशासन को इन मुद्दों पर गहनता से कार्रवाई लाने के निर्देश दिए।