चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में लोगों का अभिवादन करते मुख्यमंत्री स
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या रविवार को चंबा चौगान में उत्साह और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रदेशवासियों, विशेषकर चंबा जिले के लोगों को मिंजर मेले की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चंबा जिले में सड़क निर्माण और सड़क उन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि जिले में सड़क निर्माण एवं विस्तार कार्यों पर अब तक 591 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चंबा के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चंबा में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है, ताकि गंभीर उपचार के लिए लोगों को जिला छोड़कर बाहर न जाना पड़े। मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और नवीनतम स्वास्थ्य तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही 158 करोड़ रुपये की लागत से 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन का निर्माण किया गया है, जिससे मरीजों के उपचार के साथ-साथ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल छात्रों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने मिंजर मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया तथा जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया।
सांस्कृतिक संध्या में चंबा जिले की नंदनी को मिस मिंजर क्वीन चुना गया। वहीं प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से चंबा चौगान में मौजूद हजारों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति अंतिम सांस्कृतिक संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण रही।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, हरदीप सिंह बावा, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।