भरमौर (चंबा)। भरमौर तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर परिवहन निगम जल्द मिनी बसें और छोटी ट्रैवलर गाड़ियां चलाने जा रहा है। इससे आने वाले दिनों में लोगों को पैदल यात्रा से निजात मिलेगी। भरमौर के चौबिया, कुगति, गरीमा, सियूर, उलांसा, रूणुकोठी, सामरा बन्नी, बडग्राम, सुप्पा, खणी और मलकौता सहित अन्य लिंक मार्गों पर बस सेवा शुरू की जाएगी। इन मार्गों पर स्थानीय लोग लंबे समय से सरकार और प्रशासन से मिनी बसें और छोटी गाड़ियां चलाने की मांग कर रहे थे। इसके अलावा लोगों ने इस मांग को लेकर स्थानीय विधायक जिया लाल कपूर को भी अवगत करवाया था।
विधायक ने लोगों की मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री से मिनी बसों और ट्रैवलर गाड़ियों की मांग रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने लोगों में हित में पूरा किया है। विधायक जियालाल कपूर ने बताया कि इन क्षेत्र के लोगों को अब एक से दूसरे स्थान पर आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी। भरमौर से राजधानी शिमला के लिए निगम की बस जल्द शुरू होने वाली है। कहा कि अगले माह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भरमौर आ सकते हैं। इसके बारे में जल्द मुख्यमंत्री के आने की तिथि घोषित की जाएगी।