चंबा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव के तहत मतगणना के संबंध में सूक्ष्म पर्यवेक्षकों (माइक्रो आब्जर्वर) के लिए बचत भवन में पूर्वाभ्यास कार्यक्रम हुआ।
इसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की। उन्होंने कहा कि मतगणना से संबंधित कार्यों में सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने माइक्रो ऑब्जर्वर से चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का गहराई से अध्ययन करने को कहा। पूरी सतर्कता और निष्पक्षता से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि मतगणना के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति के लिए रैंडमाइजेशन (सांख्यीकिय प्रक्रिया) 3 जून को होगी। मतगणना टेबल का निर्धारण मतगणना वाले दिन 4 जून को सुबह होगा। कहा कि उक्त अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। यह भी सुनिश्चित करना होगा कि मतगणना केंद्र पर मतदान गणना की प्रक्रिया नियमानुसार हो। रिहर्सल कार्यक्रम के दौरान एडीएम राहुल चौहान ने मतगणना के दौरान अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी को ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से उपस्थित मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर को दी। जिला नोडल अधिकारी स्वीप अरविंद सिंह चौहान सहित मतगणना के दौरान नियुक्त किए जाने वाले विभिन्न माइक्रो आब्जर्वर उपस्थित रहे। संवाद