जिले में ग्राम सभाओं के साथ स्वच्छता अभियान, गांधी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
ग्राम सभाओं में विकास, स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण के मुद्दों पर किया गया मंथन
पंचायत प्रतिनिधियों के साथ महिला और युवक मंडलों ने भी संभाली स्वच्छता की कमान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। गांधी जयंती पर जिले की विभिन्न पंचायतों में ग्राम सभाओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा के संदेश को याद किया। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कई पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं के दौरान स्थानीय विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों से पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
पंचायत क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाए गए। पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और ग्रामीणों ने मिलकर पंचायत परिसरों, रास्तों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। लोगों को घरों और आसपास कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
जिला पंचायत अधिकारी महेश चंद ठाकुर ने बताया कि जिले की पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इनमें निर्धारित एजेंडों के साथ स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।