पांगी कॉलेज के वार्षिक समारोह में प्रस्तुति देती छात्राएं।
(चंबा)। राजकीय महाविद्यालय किलाड़ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें आवासीय आयुक्त अजय कुमार यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि पांगी घाटी की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों की ओर से बहुआयामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन इनकी प्रतिभा को साबित करता है। उन्होंने बताया कि प्राध्यापकों की कमी को पूरा करने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से रखी गई मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
राजकीय महाविद्यालय प्राचार्या राजिंद्रा भारद्वाज ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। वहीं महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी सुभाष ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहिंद्र ठाकुर, थाना प्रभारी किलाड़ अशोक राणा और अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।