गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी में पुरस्कार वितरण समारोह, पांचवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी सम्मानित
शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिले पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी में शुक्रवार को कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपनिदेशक शिक्षा (स्कूल शिक्षा) के वरिष्ठ प्रतिनिधि सुनील कुमार और उपनिदेशक शिक्षा (प्रारंभिक शिक्षा) के वरिष्ठ प्रतिनिधि रमेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य नवदीप भंडारी ने कहा कि ऐसे समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समारोह में शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। समापन पर विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथियों का आभार जताया।