चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में तैनात महिला रोग विशेषज्ञ ने पीएचसी के चिकित्सकों को महिलाओं के इलाज को लेकर जरूरी परामर्श दिए। वीरवार को ई-संजीवनी पोर्टल के जरिये मेडिकल कॉलेज का महिला रोग विभाग जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ऑनलाइन जुड़ा।
इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचने वाली बीमार महिलाओं को चिकित्सकों ने सीधे मेडिकल कॉलेज रेफर करने के बजाय विशेषज्ञों से उनकी बीमारी को लेकर विचार-विमर्श किया। विचार-विमर्श करने के बाद विशेषज्ञों ने चिकित्सकों को मरीजों के इलाज को लेकर जरूरी परामर्श दिया। इसके चलते कई महिलाओं को अपनी जांच करवाने के लिए मीलों की दौड़ लगाकर मेडिकल कॉलेज नहीं जाना पड़ा। महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ज्योतिका बाला और उनकी टीम ने ऑनलाइन पीएचसी से जुड़कर ग्रामीण क्षेत्रों की बीमार महिलाओं को उनके इलाज को लेकर परामर्श दिए।
प्रोग्राम के नोडल अफसर डॉक्टर आदित्य कश्यप ने बताया कि सप्ताह में विशेषज्ञों के ऑनलाइन जुड़ने को लेकर शेडयूल बनाया गया है। इसके तहत रोजाना कोई न कोई विशेषज्ञ पीएचसी के चिकित्सकों के साथ जुड़कर उन्हें जरूरी परामर्श देता है।