होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली के तहत ग्राम पंचायत कुलेठ में एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। रविवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान परसराम (34) पुत्र पुरुषोत्तम निवासी गांव गुवाड़ उपतहसील होली के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को परसराम अपने पशुओं को चराने के लिए चरागाह गया था। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक परसराम का कोई सुराग नहीं लगा। इसकी सूचना पुलिस चौकी होली को दी गई। रविवार सुबह परसराम का शव गुवाड़ गांव के समीप स्थित खाई में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली पहुंचाया। पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस जांच कर रही है।