मोहल्ला मुगला के लोग बोले- पहले की तरह रखी जाए पानी की निकासी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत हरदासपुरा वार्ड के मोहल्ला मुगला के लोगों ने कलवर्ट बंद करने के फैसले का विरोध किया है। एक ही जगह से निकासी के खिलाफ भी आवाज बुलंद की है।
इस मामले को लेकर लोगों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल सहित नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों को ज्ञापन भेजा। लोगों में तरलोक चंद, चंपा देवी, शालिनी, रमेश कुमार, मोबिन कुमार, शिवाली, नीरज कुमार, आशू, सुनील कुमार, मधु, कृष्ण व्यास, दुर्गा देवी, भारती कुमारी, शम्मी कुमार, पंकज कुमार, ज्योति देवी, रजत कुमार और भवानी देवी ने कहा कि गत दिनों निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों ने राजाओं के समय से बने कलवर्ट को बंद करने के बारे में निर्देशित किया। वीरवार को यह कार्य भी शुरू हो गया। लोगों ने इसका विरोध किया तो काम बंद हो गया। लोगों का कहना है कि एकतरफा निकासी नाली संभव नहीं है। इससे घरों को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले पर एकतरफा कार्रवाई न करे। पूर्व की तरह ही हो रहे पानी की निकासी को जारी रखा जाए।